Wednesday, November 16, 2011

यह यौवन की धूप

बादल में बिजली बसी, सागर में है आग।
मुझे न जाने क्या हुआ, रातें काटूँ जाग।।

जल-तरंग जैसी उठीं, तन में कई तरंग।
मन की कलियॉं खिल उठीं, महक उठा अंग-अंग।।

खजुराहो उद्विग्न है, शर्मिंदा है ताज।
मैं अपने ही रूप पर, वारी जाऊँ आज।।

होंठ गुनगुनाने लगे, छलक रहा मकरंद।
मन में भरी मिठास सी, रह-रह गाये छंद।।

कौन बजाये बॉंसुरी, मन के तट की ओर।
मंत्र-मुग्ध करने लगा, मुझे कौन चितचोर।।

पागल-पन सा छा गया, धार प्रेम का छत्र।
स्वप्न प्रेम के ही दिखे, यत्र-तत्र-सर्वत्र।।

दर्पण के सन्मुख खड़ी फिर-फिर देखूँ रूप।
तन-मन रोशन कर रही, यह यौवन की धूप।।

प्रीति वाटिका में खिलीं, जब से कलियॉं चार।
मन-भॅंवरा पागल हुआ, बस भाया अभिसार।।

जब उसके दिल से जुडे़, मेरे दिल के तार।
यही समझ में आ सका, प्रेम जगत का सार।।

मन की सांकल खोलकर, घुस आया है कौन।
भीतर कोलाहल घना, बाहर-बाहर मौन।।


-त्रिलोक सिंह ठकुरेला

1 comment: